ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज लिचफील्ड बांग्लादेश के खिलाफ बुधवार को खेले जा रहे तीसरे वनडे की प्लेइंग इलेवन से बाहर हो गईं। लिचफील्ड के कूल्हे की मांसपेशियों में हल्का खिंचाव आ गया है। इस वजह से उन्हें मुकाबले से बाहर होना पड़ा। इंजरी की वजह से वह न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली टी20 सीरीज से भी बाहर हो सकती हैं।
23 साल की बाएं हाथ की इस खिलाड़ी को रविवार को दूसरे वनडे में 71 रन की पारी के दौरान चोट लगी थी। न्यूजीलैंड के खिलाफ रविवार को होने वाले पहले टी20 से पहले लिचफील्ड की वजह से ऑस्ट्रेलियाई टीम की चिंता बढ़ी रहेगी।
ऑस्ट्रेलिया की कार्यवाहक कप्तान ताहलिया मैकग्राथ ने टॉस के समय लिचफील्ड की इंजरी के बारे में बताया। ऑलराउंडर निकोला कैरी को तीन मैचों की वनडे सीरीज में पहली बार खेलने के लिए प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज बेथ मूनी को पारी की शुरुआत करने के लिए प्रमोट किया गया है।