ओडिशा टी20 लीग 2026 की शुरुआत रविवार को कटक के मशहूर बाराबती स्टेडियम में हुई। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने उद्घाटन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
उद्धाटन समारोह में फैंस को क्रिकेट, मनोरंजन और लीग के ब्रांड एंबेसडर और भारत के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और देबाशीष मोहंती की प्रेरणादायक बातें सुनने को मिलीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने भारत के इन दोनों पूर्व खिलाड़ियों और सभी छह टीमों के मालिकों को सम्मानित किया।
रैना ब्रांड एंबेसडर के तौर पर इस टूर्नामेंट से जुड़े हैं। उन्होंने लीग में हिस्सा ले रहे युवा क्रिकेटर्स को इस मौके का पूरा फायदा उठाने के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा, "मैं इतने शानदार आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी की मेहनत की तारीफ करना चाहता हूं और उन्हें बधाई देता हूं। सभी खिलाड़ियों के लिए मेरा संदेश सरल है: जमकर खेलें, ईमानदारी से खेलें और सबसे जरूरी बात, खेल का लुत्फ उठाएं। आप सभी के लिए यह अपने हुनर को दिखाने, अनुभव से सीखने और अपने खेल को आगे ले जाने का एक बेहतरीन मौका है।"