आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत द्वारा पाकिस्तान को 61 रन से हराने के बाद श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में मैच देख रहे दर्शकों ने मिली-जुली प्रतिक्रियाएं दीं। जहां भारतीय समर्थकों में उत्साह है, वहीं कुछ पाकिस्तानी प्रशंसक निराश नजर आए।
मैच के बाद एक पाकिस्तानी फैन भावुक हो गया और रोते हुए कहा, “मैच बहुत निराशाजनक रहा। दुबई में एशिया कप के दौरान भी हम तीनों मैच हार गए थे और यहां भी हार गए। कम से कम पाकिस्तान को मुकाबला तो करना चाहिए था, लेकिन उन्होंने वैसी लड़ाई नहीं दिखाई। अगर फाइट करके हारते तो इतना दुख नहीं होता। तकलीफ हो रही है, लेकिन जीतें या हारें, मुझे अपनी टीम से लगाव है। बड़ी उम्मीदों के साथ आता हूं, मगर हर बार निराशा ही मिलती है।”
वहीं, एक अन्य दर्शक ने भारतीय टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उसने कहा, “भारत का प्रदर्शन बहुत शानदार रहा। सभी खिलाड़ी पूरे जोश और आत्मविश्वास में नजर आए। मुझे लगता है कि भारत ही इस बार वर्ल्ड कप जीतेगा। अगला मैच और भी रोमांचक होने वाला है।”