न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन ने शुक्रवार को इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। विलियमसन के रिटायरमेंट पर न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने पोस्ट लिखते हुए उनकी जमकर तारीफ की।
प्रधानमंत्री ने विलियमसन को न्यूजीलैंड के सबसे महान खिलाड़ियों में से एक बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा कि केन विलियमसन को हमेशा न्यूजीलैंड के अब तक के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में गिना जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहचान सिर्फ उनकी बल्लेबाजी क्षमता या अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने की वजह से नहीं है, बल्कि इसलिए भी है, क्योंकि उन्होंने पूरे करियर में जिस तरह का व्यवहार और अनुशासन दिखाया है, वह भी असाधारण है।
अपने पोस्ट में प्रधानमंत्री ने विलियमसन को “क्लास खिलाड़ी” बताते हुए कहा कि वे मैदान पर और मैदान के बाहर दोनों जगह एक आदर्श खिलाड़ी रहे हैं। उन्होंने लिखा कि केन विलियमसन एक ऐसे क्रिकेटर हैं जिनकी तकनीक, शांत स्वभाव और खेल के प्रति समझ उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है।