Royal Challengers Bengaluru: मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने शनिवार को अपने घरेलू मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 6 विकेट से जीत दर्ज की। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के पहले मैच के सुचारू रूप से आयोजन के बाद आरसीबी ने अधिकारियों और राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि 4 जून 2025 को आरसीबी के पहला आईपीएल खिताब जीतने का जश्न मनाने के लिए हजारों फैंस स्टेडियम के बाहर जमा हुए थे। इस बीच भगदड़ मच गई, जिसमें 11 लोगों की मौत हो गई। इस घटना के बाद एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में पहली बार कोई बड़ा मैच खेला गया।
आरसीबी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "आरसीबी कर्नाटक राज्य सरकार, बेंगलुरु शहर पुलिस, ग्रेटर बेंगलुरु अथॉरिटी, लोक निर्माण विभाग, अग्निशमन विभाग और नम्मा मेट्रो का कल (शनिवार) रात बेंगलुरु में हमारे घरेलू मैच के सुचारू आयोजन को संभव बनाने के लिए पूरी ईमानदारी और तहे दिल से धन्यवाद करती है।"