जिम्बाब्वे महिला क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाली तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान की 15 सदस्यीय टीम का ऐलान हो गया है। अनकैप्ड गेंदबाज अंबर कैनात को पहली बार टीम में शामिल किया गया है।
पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम और जिम्बाब्वे के बीच तीन मुकाबलों की टी20 सीरीज का आगाज 12 मई से होना है। वहीं, सीरीज का दूसरा मुकाबला 14 और अंतिम मैच 15 मई को खेला जाएगा। तीनों ही मुकाबलों की मेजबानी कराची का नेशनल स्टेडियम करेगा। इस सीरीज के लिए पाकिस्तान टीम की कमान फातिमा सना के हाथों में सौंपी गई है। सायरा जबीन भी टीम में अपनी जगह बनाने में सफल रही हैं। वह फरवरी में साउथ अफ्रीका दौरे पर गई टीम का हिस्सा रही थीं।
अंबर को हाल ही में खत्म हुए नेशनल विमेंस टी20 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन का इनाम मिला है। उन्होंने इस टूर्नामेंट में खेले 8 मुकाबलों में 11 विकेट निकाले थे। अंबर अपने इंटरनेशनल करियर की पहली सीरीज में मौका मिलने पर शानदार प्रदर्शन से छाप छोड़ना चाहेंगी। यह टीम काफी हद तक साउथ अफ्रीका का दौरा करने वाली टीम जैसी ही है। हालांकि, सिदरा अमीन को इस सीरीज के लिए मुख्य टीम में जगह नहीं दी गई है।