T20 World Cup: पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में दो मुकाबलों का बैन झेल रहे पाकिस्तानी बल्लेबाज फखर जमान ने उन खबरों का खंडन किया है, जिसमें कहा जा रहा था कि वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे, क्योंकि फखर अमेरिका में बसने पर विचार कर रहे हैं।
फखर पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) में 29 मार्च को लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच खेले गए मैच के दौरान बॉल टैंपरिंग के आरोपों के चलते दो मैचों का बैन झेल रहे हैं। उन्होंने मैच रेफरी रोशन महानामा के सामने इन आरोपों को पूरी तरह से गलत बताया था। मैच रेफरी ने उनकी सफाई को मानने से इनकार कर दिया, जिसके बाद पीसीबी की तीन सदस्यों वाली एक समिति ने सुनवाई के बाद उन पर लगे बैन को बरकरार रखा।
सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें और दावे किए जा रहे थे कि फखर जमान ने अपने परिवार को यूएसए भेज दिया है और वह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लेंगे। वह फिटनेस से जुड़ी समस्याओं, खासकर हार्मोनल समस्याओं से भी जूझ रहे हैं, जिनकी वजह से उन्हें बार-बार चोटें लगती रहती हैं।