पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने रविवार को पुष्टि की कि पाकिस्तान की तेज गेंदबाज कायनात इम्तियाज ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया है। उन्होंने अपने 13 साल लंबे इंटरनेशनल करियर पर ब्रेक लगाने का फैसला किया है।
कायनात ने 2010 में टी20 इंटरनेशनल और 2011 में वनडे में डेब्यू किया था। उन्होंने अपना आखिरी मैच 2023 में खेला। दाएं हाथ की यह तेज गेंदबाज 2010 और 2014 में एशियन गेम्स के क्रिकेट इवेंट में गोल्ड मेडल जीतने वाली पाकिस्तान की महिला टीम का अहम हिस्सा थीं।
वह कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी पाकिस्तान महिला टीम का हिस्सा थीं और उन्होंने 2017 वनडे वर्ल्ड कप में भी टीम का प्रतिनिधित्व किया था। 34 वर्षीय कायनात इम्तियाज ने हाल ही में अपनी नई भूमिका शुरू की है। उन्होंने अगस्त-सितंबर में आयोजित पीसीबी नेशनल महिला अंडर-19 टी20 टूर्नामेंट में मैच रेफरी के रूप में अपने करियर की शुरुआत की।