देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम से शनिवार को मुलाकात की। भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने नेपाल को हराकर पहला महिला ब्लाइंड टी20 विश्व कप का खिताब जीता है।
राष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल पर उनकी खिलाड़ियों से मिलते हुए तस्वीरों को शेयर करने के साथ ही लिखा गया है कि पहली बार ब्लाइंड महिला टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय ब्लाइंड महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। टीम ने राष्ट्रपति को ऑटोग्राफ वाला क्रिकेट बैट गिफ्ट किया। राष्ट्रपति ने भारतीय टीम के खिलाड़ियों को टी20 विश्व कप जीतने पर बधाई दी और कहा कि उनकी सफलता दूसरों को अपनी जिंदगी और करियर में नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित करेगी। राष्ट्रपति ने इस मौके पर टीम की तरफ से गिफ्ट की गई क्रिकेट बॉल पर भी साइन किया।
विश्व विजेता टीम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मुलाकात की थी और उनके साथ तस्वीरें खिंचवाई थीं। प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को अपने हाथ से मिठाई भी खिलाते हुए विश्व कप जीत की शुभकामना दी थी।