T20 World Cup: पाकिस्तान के दिग्गज खिलाड़ी फखर जमान को बॉल टैंपरिंग के चलते पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) 2026 के दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने मंगलवार को इसकी पुष्टि की। फखर को टूर्नामेंट के आचार संहिता के लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था।
उल्लेखनीय है कि 29 मार्च को गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स के खिलाफ कराची किंग्स को अंतिम 6 गेंदों में 14 रन की दरकार थी। आखिरी ओवर की शुरुआत से ठीक पहले लाहौर के कप्तान शाहीन अफरीदी, हारिस रऊफ और फखर जमान एक साथ खड़े होकर गेंद को हाथ में लेकर चर्चा कर रहे थे। इस बीच फखर गेंद को खुरचते नजर आए।
मैदानी अंपायर ने पाया कि गेंद की स्थिति के साथ जानबूझकर छेड़छाड़ की गई है। इसके चलते लाहौर कलंदर्स पर 5 रनों की पेनाल्टी लगाई गई और पुरानी गेंद को बदलकर नई गेंद मैच में शामिल की गई। इसी के साथ मैच का समीकरण बदल गया और अब कराची किंग्स को जीत के लिए 6 गेंदों में महज 9 रन की दरकार थी। अब्बास अफरीदी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम को 4 विकेट से जीत दिलाई।