भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार खिलाड़ी रिंकू सिंह के पिता का शुक्रवार को नोएडा के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन पर उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने शोक व्यक्त किया है।
आईएएनएस से बात करते हुए प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा, "रिंकू सिंह के पिता का असामयिक निधन बेहद दुखद है। उनकी उम्र ज्यादा नहीं थी। वह कैंसर से पीड़ित थे। ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और पूरे परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के सभी सदस्य इस दुख की घड़ी में उनके परिवार के साथ हैं।"
उन्होंने कहा, "मेरी उनसे कोई बात नहीं हुई है। शांति पाठ या तेरहवीं जिस दिन होगी उस दिन हम सभी जाएंगे और उनसे मुलाकात करेंगे। यह क्षति अपूरणीय है, लेकिन खेल के क्षेत्र से संबंधित लोगों की मानसिक स्थिति मजबूत होती है। इसलिए मुझे उम्मीद है कि रिंकू बहुत जल्द इस दुख से उबर जाएंगे।"