Royal Challengers Bengaluru: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है। 13 अप्रैल को सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच से 2026 सीजन का दूसरा चरण शुरू होगा। प्लेऑफ के लिए वेन्यू की घोषणा बाद में की जाएगी।
इससे पहले, असम, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में चुनावों के कारण बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के शुरुआती 20 मुकाबलों का शेड्यूल जारी किया था, लेकिन जब भारतीय चुनाव आयोग (ईसीआई) ने चुनावों की तारीखें और समय-सीमा साफ कर दी, तो बीसीसीआई ने अब टूर्नामेंट के दूसरे चरण का शेड्यूल जारी कर दिया है, जिसमें 13 अप्रैल से 24 मई तक 12 जगहों पर 50 मैच खेले जाएंगे।
लीग चरण की शुरुआत 13 अप्रैल को हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में होगी, जहां 2016 की चैंपियन टीम एसआरएच, पहले सीजन की विजेता टीम राजस्थान रॉयल्स की मेजबानी करेगी। टूर्नामेंट के दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और न्यू चंडीगढ़ में खेले जाएंगे।