केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी नई पहचान बना रहा है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गुरुवार को शिवपुरी स्थित माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 70वीं राष्ट्रीय स्कूल गेम्स एथलेटिक्स चैंपियनशिप (अंडर-17 बालक) और प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि शिवपुरी की धरती पर देशभर की खेल प्रतिभाओं का एकत्रित होना गौरव का विषय है। खिलाड़ी यहां केवल पदक जीतने नहीं बल्कि अपने सपनों को नई उड़ान देने और अपने प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने आए हैं।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपने पिता माधवराव सिंधिया को याद करते हुए कहा कि उनका मानना था कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, आत्मविश्वास और चरित्र निर्माण का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि उनके पिता चाहते थे कि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर अवसर और मंच मिले। आज इसी परिसर में देश के विभिन्न राज्यों के सैकड़ों खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाते देखकर उन्हें विशेष संतोष हो रहा है। इस परिसर को आने वाले समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की प्रतिभा निखारने का केंद्र बनाना ही उनके पिता की सोच को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि शिवपुरी खेल के क्षेत्र में भी यह नई पहचान बना रहा है। शहर में माधवराव सिंधिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, वीर सावरकर स्टेडियम, विजयपुर स्टेडियम और इंडोर हॉल जैसी खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने विशेष रूप से मध्य प्रदेश राज्य महिला क्रिकेट अकादमी का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की पहली शासकीय महिला क्रिकेट अकादमी शिवपुरी में स्थापित होना गौरव का विषय है।