T20 World Cup: पाकिस्तान क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 से बाहर हो गई है। शनिवार को सुपर-8 के अपने आखिरी मुकाबले में पाकिस्तान को श्रीलंका के खिलाफ जीत तो मिली, लेकिन इस जीत का अंतर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं था। लगातार तीसरे टी20 विश्व कप में सेमीफाइनल में जगह बनाने में असफल रही पाकिस्तान टीम में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं।
एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रमुख मोहसिन नकवी विश्व कप में पाकिस्तान के प्रदर्शन से नाराज हैं। नकवी सलमान आगा को पाकिस्तान टी20 टीम की कप्तानी से हटा सकते हैं। इसके अलावा, बाबर आजम, उस्मान खान, शादाब खान और सलमान आगा के टी20 करियर पर भी कोई निर्णय लिया जा सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, हेड कोच माइक हेसन ने सलाह दी है कि पाकिस्तान को कुछ सीनियर खिलाड़ियों से आगे बढ़ते हुए युवा प्रतिभाओं में निवेश करना चाहिए और मॉडर्न टी20 क्रिकेट की बदलती जरूरतों के अनुरूप टीम का पुनर्गठन करना चाहिए।