महिला वनडे विश्व कप से पहले भारतीय क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना प्रचंड फॉर्म में चल रही हैं। नई दिल्ली के अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे वनडे में मंधाना ने महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाया है। मंधाना ने बेथ मूनी और सोफी डिवाइन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है।
पारी की शुरुआत करने उतरी मंधाना ने पहली ही गेंद से ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों पर आक्रामक रूख अख्तियार किया। उन्होंने हर कमजोर गेंद को बाउंड्री के पार भेजा। धुआंधार पारी के दौरान 21 गेंद पर अपना अर्धशतक लगाने वाली मंधाना ने महज 50 गेंद पर अपने वनडे करियर का 13वां शतक पूरा किया। उन्होंने छक्के के साथ अपना शतक पूरा किया।
मंधाना का यह शतक भारतीय महिला टीम के किसी भी बल्लेबाज द्वारा वनडे क्रिकेट का सबसे तेज शतक तो है ही, महिला वनडे क्रिकेट इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। मंधाना ने कारेन रोल्टन और बेथ मूनी के 57-57 गेंदों पर बनाए दूसरे सबसे तेज शतक और सोफी डिवाइन के 59 गेंद पर बनाए तीसरे सबसे शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। मूनी ने इसी मैच में 57 गेंद पर शतक लगाया था।