ICC T20 World Cup: सोहैब खान ने कनाडा के खिलाफ 29 गेंदों में 51 रन की पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया है। सोहैब नंबर 6 या उससे निचले क्रम पर आकर टी20 वर्ल्ड कप में अर्धशतक लगाने वाले यूनाइटेड अरब अमीरात (यूएई) के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे सोहैब ने इस पारी में 4 छक्के और इतने ही चौके लगाए। जीत के लिए 151 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी यूएई की टीम 16 ओवरों में 4 विकेट खोकर 95 रन ही बना सकी थी, लेकिन यहां से सोहैब ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए टीम को महज 19.4 ओवरों में जीत दिला दी।
सोहैब टी20 वर्ल्ड कप में एसोसिएट टीमों के लिए नंबर 6 या उससे नीचे के क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अर्धशतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले, साल 2016 में मोहम्मद नबी ने अफगानिस्तान की तरफ से खेलते हुए जिम्बाब्वे के खिलाफ 52 रन बनाए थे, जबकि साल 2022 में नामीबिया के डेविड वीज यूएई के विरुद्ध 55 रन की पारी खेल चुके थे।