World Cup Final: साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए 15 सदस्यीय महिला टीम का ऐलान किया है। विकेटकीपर-बल्लेबाज टेबोगो मचेके को पहली बार अंतरराष्ट्रीय टीम में शामिल किया गया, जबकि ऑलराउंडर एलिज-मारी मार्क्स को 15 सदस्यीय टीम में वापस बुलाया गया है। दोनों देश 17-27 अप्रैल के बीच पांच टी20 मुकाबलों की सीरीज खेलेंगे।
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच टी20 सीरीज के शुरुआती दो मैच 17 और 19 अप्रैल को डरबन में खेले जाने हैं। इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को जोहान्सबर्ग अगले दो मुकाबलों की मेजबानी करेगा। सीरीज का अंतिम मैच बेनोनी में 27 अप्रैल को आयोजित होगा।
टेबोगो मचेके ने कराबो मेसो की जगह ली है, जो कलाई की चोट के कारण टीम से बाहर हैं। वहीं, एलिज ने तेज गेंदबाज मसाबाता क्लास का स्थान लिया है। इस टीम की कप्तानी लॉरा वोल्वार्ड्ट कर रही हैं। एनीके बॉश ने घायल डेन वैन नीकेर्क की जगह टीम में अपना स्थान बरकरार रखा है। अनुभवी तेज गेंदबाज ऑलराउंडर मारिजेन कैप अभी भी टीम के लिए उपलब्ध नहीं हैं, क्योंकि वह अपनी बीमारी से उबरने की प्रक्रिया में हैं।