श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने साउथ अफ्रीका के पूर्व क्रिकेटर गैरी कर्स्टन को पुरुष टीम का नया हेड कोच नियुक्त किया है। बोर्ड ने सोमवार को इसकी घोषणा की। कर्स्टन 15 अप्रैल से इस जिम्मेदारी को संभालेंगे। श्रीलंका क्रिकेट के साथ गैरी कर्स्टन की नियुक्ति दो साल के लिए होगी, उनका यह कार्यकाल 14 अप्रैल 2028 को खत्म होगा।
कर्स्टन की मुख्य जिम्मेदारियों में से एक आईसीसी मेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी और कैंपेन में श्रीलंका नेशनल मेंस टीम को गाइड करना होगा। आगामी वनडे विश्व कप साउथ अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे में खेला जाएगा।
साउथ अफ्रीका की ओर से गैरी कर्स्टन का अंतरराष्ट्रीय करियर शानदार रहा है। उन्होंने साल 1993 से 2004 तक टेस्ट और वनडे फॉर्मेट में कुल 14,087 रन बनाए, जिसमें 21 टेस्ट सेंचुरी और 13 वनडे सेंचुरी शामिल हैं। इस दौरान कर्स्टन ने टेस्ट करियर के 101 मुकाबलों में 45.27 की औसत के साथ 7289 रन बनाए, जबकि 185 वनडे मुकाबलों में उनके बल्ले से 40.95 की औसत के साथ 6,798 रन निकले। कर्स्टन ने 221 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 16,670 रन बनाए और 294 लिस्ट-ए मुकाबलों में 36.58 की औसत के साथ 9,586 रन जुटाए।