भारतीय महिला क्रिकेट टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि मजबूत टीमें अपनी पिछली नाकामियों को कभी नहीं भूलतीं। उन्होंने अपनी टीम की तारीफ करते हुए कहा कि हरमनप्रीत एंड कंपनी ने 2024 के फाइनल में श्रीलंका से मिली हार से सीखा और एशिया कप 2026 के फाइनल में 72 रन से शानदार जीत हासिल की।
भारत ने रविवार को दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 183/5 का स्कोर बनाने के बाद श्रीलंका की पूरी टीम को सिर्फ 111 रनों पर समेटते हुए रिकॉर्ड 8वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। जीत के बाद ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से बात करते हुए मजूमदार ने बताया कि कैसे टीम ने इस बार बेहतर प्रदर्शन करने के लिए अपने पिछले फाइनल के अनुभव का इस्तेमाल किया।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर शेयर किए गए एक वीडियो में मजूमदार ने कहा, "अच्छी टीमें, उन्हें याद रहता है कि पहले क्या हुआ था। मजबूत टीमें कभी नहीं भूलतीं। उन्हें कभी नहीं भूलना चाहिए कि क्या हुआ था।" श्रीलंका ने 2024 में दांबुला में हुए एशिया कप 2024 के फाइनल में भारत को 8 विकेट से हराकर अपना पहला महिला एशिया कप खिताब जीता था, हालांकि भारत ने इस बार 2 साल पहले मिली हार का हिसाब दुबई में खेले गए फाइनल में चुकता कर लिया।