सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के ग्रुप ए के मैच में आयुष म्हात्रे के धु्आंधार नाबाद शतक की बदौलत मुंबई ने विदर्भ को 7 विकेट से हरा दिया। आयुष ने 53 गेंद पर नाबाद 110 रन की पारी खेली।
मुंबई को विदर्भ ने जीत के लिए 193 रन का लक्ष्य दिया था। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही। ओपनर अजिंक्य रहाणे 0 और हार्दिक तामोरे 1 रन पर आउट हो गए। मुंबई 21 पर अपने दो विकेट गंवाकर मुश्किल में थी। इसके बाद सूर्यकुमार यादव ने आयुष म्हात्रे के साथ तीसरे विकेट के लिए 59 गेंद पर 88 रन की साझेदारी की। सूर्यकुमार यादव 30 गेंद पर 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद बल्लेबाजी के लिए आए शिवम दुबे ने आयुष के साथ 35 गेंद पर 85 रन की नाबाद साझेदारी कर टीम का स्कोर 17.5 ओवर में 3 विकेट पर 194 तक पहुंचाते हुए टीम को 13 गेंद पहले 7 विकेट से जीत दिला दी। दुबे 19 गेंद पर 3 छक्के और 3 चौके की मदद से 39 रन बनाकर नाबाद रहे।