India Women: सायली सातघरे के लिए पिछले कुछ महीने किसी सपने से कम नहीं रहे हैं। महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) 2026 नीलामी में अनसोल्ड रहने के बाद उन्होंने इसी साल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के साथ खिताब जीता। इसके बाद, उन्हें वाका स्टेडियम जैसे ऐतिहासिक मैदान पर डेब्यू करने का मौका भी मिला।
हाल ही में वेस्ट जोन के लिए सीनियर विमेंस इंटर जोनल मल्टी-डे ट्रॉफी खेलने वाली सायली अब अपने इस शानदार फॉर्म को एक नए मिशन में बदलना चाहती हैं। उनका मानना है कि इस साल होने वाली पहली 'टी20 मुंबई विमेंस लीग' मुंबई में महिला क्रिकेट के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकती है। सायली को उम्मीद है कि यह लीग नई प्रतिभाओं को मंच देगी और मुंबई की महिला क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।
सायली ने शनिवार को 'आईएएनएस' के साथ एक खास बातचीत में 3 टीमों वाली टी20 मुंबई महिला लीग के पहले सीजन को लेकर कहा, "हां, यह एमसीए की एक बेहतरीन पहल है। सभी खिलाड़ियों के लिए एक बड़े मंच पर अपने कौशल और प्रतिभा को दिखाने का यह एक बड़ा अवसर है। इससे उन्हें एक व्यक्ति के तौर पर आगे बढ़ने में मदद मिलेगी, उनके लिए और दरवाजे खुलेंगे, और उन्हें आखिरकार भारत का प्रतिनिधित्व करने और डब्ल्यूपीएल में भी खेलने के अधिक मौके मिलेंगे।"