टी20 सीरीज: मंधाना और रोड्रिग्स का अर्धशतक, भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 177 रन का लक्ष्य (Image Source: IANS)
भारतीय महिला क्रिकेट टीम और ऑस्ट्रलिया के बीच टी20 सीरीज का तीसरा और निर्णायक मुकाबला खेला जा रहा है। एडिलेड में खेले जा रहे मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट के नुकसान पर 176 रन बनाए हैं।
भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। 19 के स्कोर पर टीम को पहला झटका शेफाली वर्मा के रूप में लगा। शेफाली 7 रन बनाकर आउट हुईं। मंधाना और तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आई जेमिमा रोड्रिग्स ने दूसरे विकेट के लिए 121 रन की साझेदारी की।
शतक की ओर बढ़ रहीं मंधाना 82 रन बनाकर आउट हुईं। 55 गेंदों की पारी में मंधाना ने 8 चौके और 3 छक्के लगाए। जेमिमा रोड्रिग्स 46 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुईं। विकेटकीपर ऋचा घोष ने 7 गेंद पर 18 रन की तेज पारी खेली।