Cricket World Cup: रविवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले गए टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मुकाबले में जिम्बाब्वे को 8 विकेट से हराकर श्रीलंका ने सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। निर्णायक मुकाबले में श्रीलंका की जीत के हीरो कामिल मिशारा रहे।
जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को जीत के लिए 192 रन का लक्ष्य दिया था। सलामी बल्लेबाजों पाथुम निसांका और कुसाल मेंडिस ने श्रीलंका को मजबूत शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 5.2 ओवर में 58 रन जोड़े। मेंडिस 17 गेंद पर 30 रन बनाकर आउट हुए। इसके ठीक बाद 76 के स्कोर पर दूसरे विकेट के रूप में निसांका भी आउट हो गए। निसांका ने 20 गेंद पर 33 रन बनाए।
इसके बाद कामिल मिशारा और कुशाल परेरा ने श्रीलंका को और कोई झटका नहीं लगने दिया और नाबाद 117 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 8 विकेट से जीत दिला दी। श्रीलंका ने 17.4 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 193 रन बनाए। मिशारा ने 43 गेंद पर 3 छक्के और 6 चौके लगाते हुए 73 रन की पारी खेली। वहीं, परेरा 26 गेंद पर 2 छक्के और 4 चौके की मदद से 46 रन बनाकर नाबाद रहे।