भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं ने पाकिस्तान पर टीम इंडिया की शानदार जीत को लेकर भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी और इसे देश के गौरव का क्षण बताया है। नेताओं ने कहा कि भारतीय टीम का आत्मविश्वास, अनुशासन और दमदार प्रदर्शन पूरे देश को गर्व से भर देता है।
भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 27वें मुकाबले में भारतीय टीम ने एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की। टीम इंडिया का प्रदर्शन शानदार रहा। खासकर युवा बल्लेबाज ईशान किशन की विस्फोटक पारी ने मैच का रुख शुरुआती चरण में ही भारत के पक्ष में मोड़ दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि टीम इंडिया ने एक बार फिर शानदार जीत दर्ज कर देश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने ‘मेन इन ब्लू’ की निरंतरता और दबाव में बेहतरीन प्रदर्शन की सराहना की और ईशान किशन की पारी को विशेष रूप से उल्लेखनीय बताया।