T20 World Cup: इंग्लैंड ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में जारी सेमीफाइनल-2 में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। भारत की प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है, जबकि इंग्लैंड ने रेहान की जगह जेमी ओवरटन को इस नॉकआउट मैच में शामिल किया है। इस मुकाबले को जीतने वाली टीम 8 मार्च को न्यूजीलैंड के खिलाफ खिताबी मैच खेलेगी।
टॉस जीतने के बाद इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने कहा, "हम गेंदबाजी करेंगे। यह अच्छा विकेट लग रहा है, उम्मीद है कि हम बॉल से अच्छी शुरुआत कर पाएंगे। जाहिर है, उन्हें (भारतीय टीम) इस ग्राउंड पर हमसे अधिक अनुभव है। टी20 क्रिकेट में आपको कभी नहीं पता होता कि क्या होने वाला है। उम्मीद है कि हम उन्हें (भीड़ को) शांत रख पाएंगे। रेहान की जगह जेमी ओवरटन को मौका दिया गया है।"
दूसरी ओर, भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने कहा, "हम पहले बैटिंग करने की सोच रहे थे। सेमीफाइनल एक बड़ा गेम है। यहां हवा भी चल रही है। हमें नहीं लगता कि यहां ज्यादा ओस होगी। यह एक अच्छी पिच लग रही है। हमारी प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं है।"