T20 World Cup: टीम इंडिया ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप के खिताब को अपने नाम किया। रविवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराया। टूर्नामेंट में हेड कोच गौतम गंभीर का 'मास्टर स्ट्रोक' भारतीय टीम के लिए वरदान साबित हुआ।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के आगाज से पहले संजू सैमसन खराब फॉर्म से जूझ रहे थे। साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई टी20 सीरीज में संजू को सिर्फ एक में पारी का आगाज करने का मौका मिला और उन्होंने 22 गेंदों में 37 रन बनाए। टी20 टीम में संजू की जगह नहीं बन रही थी और फॉर्म भी साथ नहीं दे रही थी। हालांकि, इसके बावजूद कोच गौतम गंभीर ने उन्हें टी20 वर्ल्ड कप के लिए चुनी टीम में शामिल किया।
टी20 विश्व कप 2026 से ठीक पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में संजू सैमसन का बल्ला खामोश रहा। 5 मुकाबलों में संजू कुल मिलाकर महज 46 रन ही बना सके। विश्व कप के शुरुआती मुकाबलों में ईशान किशन और अभिषेक शर्मा ने पारी का आगाज किया। अभिषेक ग्रुप स्टेज के 3 मैचों में खाता तक नहीं खोल सके। अभिषेक-ईशान की सलामी जोड़ी विफल हो रही थी।