भारतीय टीम गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2026 के अपने दूसरे सुपर-8 मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ एमए चिदंबरम स्टेडियम में उतरेगी। नॉकआउट में पहुंचने के लिए यह मैच जीतना टीम इंडिया के लिए बेहद जरूरी होगा।
ग्रुप स्टेज के सभी चार मैच जीतने के बाद भारत (-3.800 नेट रन रेट) को सुपर-8 के अपने पहले मैच में साउथ अफ्रीका के हाथों 76 रन से करारी हार झेलनी पड़ी थी। इस करारी हार ने भारत को ग्रुप-1 की प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर पहुंचा दिया है। वेस्टइंडीज (+5.350 नेट रन रेट) और साउथ अफ्रीका (+3.800 नेट रन रेट) अपने पहले मैच जीतकर क्रमशः पहले और दूसरे पायदान पर हैं। वहीं, जिम्बाब्वे (-5.350 नेट रन रेट) अपना पहला मैच गंवाकर सबसे निचले स्थान पर है।
नॉकआउट में पहुंचने के लिए भारत सुपर-8 के अपने अंतिम दोनों मुकाबलों को बड़े अंतर से जीतने के साथ चाहेगा कि साउथ अफ्रीका अपने अगले दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज करे।