ICC Champions Trophy: पूर्व भारतीय गेंदबाजी कोच पारस म्हाम्ब्रे का मानना है कि वरुण चक्रवर्ती की लगातार सटीक गेंदबाजी, सही गति और बहुत हल्के बदलाव उन्हें बल्लेबाजों के लिए बेहद मुश्किल गेंदबाज बनाते हैं।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी के बाद से वरुण चक्रवर्ती अपनी रहस्यमयी स्पिन और सटीक लाइन से बल्लेबाजों को लगातार परेशान कर रहे हैं। उनकी गेंदों में गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। आगामी बड़े टूर्नामेंट से पहले वरुण चक्रवर्ती बेहतरीन फॉर्म में हैं।
म्हाम्ब्रे ने शुक्रवार को आईएएनएस के साथ खास बातचीत में कहा, “वरुण शानदार लाइन-लेंथ पर गेंदबाजी करते हैं। वह हर समय स्टंप्स को चुनौती देते रहते हैं। इसलिए एक बल्लेबाज के तौर पर, गलती की गुंजाइश बहुत कम होती है। या तो आप चूक जाते हैं, या आप अपने शॉट खेलने की कोशिश करते हैं और तब भी चूक जाते हैं, तो ज्यादातर संभावना है कि आप मुश्किल में पड़ जाएंगे और लेग-बिफोर या बोल्ड हो जाएंगे। लोग उनके वेरिएशन को समझ नहीं पाते हैं। इसके अलावा जिस गति से वे गेंदबाजी करते हैं, वह आपको आगे बढ़कर खेलने का मौका नहीं देते। इसलिए एक बैटर के तौर पर, आपको दूसरे ऑप्शन देखने पड़ते हैं।”