वेस्टइंडीज ने टी20 विश्व कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है। ग्रुप सी के अपने पहले मुकाबले में वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को 32 रन से हरा दिया। कोलकाता के ईडन गार्डेन में खेले गए इस मुकाबले में वेस्टइंडीज की जीत में ऑलराउंडर रोमारियो शेफर्ड की अहम भूमिका रही। शेफर्ड ने हैट्रिक सहित 5 विकेट लिए। टी20 विश्व कप इतिहास की यह दसवीं हैट्रिक थी, जबकि शेफर्ड इस उपलब्धि को हासिल करने वाले कुल नौवें गेंदबाज हैं।
रोमारियो शेफर्ड ने वेस्टइंडीज की जीत में बल्ले से नहीं बल्कि गेंद से बड़ी भूमिका निभाई और हैट्रिक विकेट सहित एक ही ओवर में 4 विकेट लिए।
183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड का स्कोर 16 ओवर में 132 रन पर 5 विकेट था। आखिरी 4 ओवर में टीम को 51 रन चाहिए थे और 5 विकेट शेष थे। टी20 में अक्सर ऐसे लक्ष्य हासिल हो जाते हैं, लेकिन वेस्टइंडीज की तरफ से स्कॉटलैंड की पारी का 17वां ओवर लेकर आए रोमारियो शेफर्ड ने पूरा खेल ही उस ओवर में पलट दिया। शेफर्ड ने उस ओवर में हैट्रिक सहित 4 विकेट लिए। शेफर्ड ने ओवर की दूसरी गेंद पर मैथ्यू क्रॉस, तीसरी गेंद पर माइकल लिस्क और चौथी गेंद पर ओलिवर डेविडसन को आउट कर अपनी हैट्रिक पूरी की। ओवर की आखिरी गेंद पर उन्होंने साफयान शरीफ को आउट किया।