T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को खेले गए सुपर-8 के मुकाबले में साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे को 5 विकेट से हराया। अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में जिम्बाब्वे से मिले 154 रनों के लक्ष्य को साउथ अफ्रीका ने 5 विकेट खोकर 17.5 ओवर में हासिल किया।
टारगेट का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। क्विंटन डी कॉक बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि कप्तान एडेन मार्करम भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। मार्करम 4 रन बनाकर सिकंदर रजा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। रयान रिकेल्टन ने 22 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया।
हालांकि, डेवाल्ड ब्रेविस एक छोर पर खड़े रहे और उन्होंने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से जिम्बाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। ब्रेविस ने महज 18 गेंदों का सामना करते हुए 42 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में ब्रेविस ने 2 चौके और 4 छक्के लगाए। वहीं, डेविड मिलर ने 22 रन बनाए। ब्रेविस के आउट होने के बाद ट्रिस्टन स्टब्स और जॉर्ज लिंडे ने मोर्चा संभाला और दोनों ने 53 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। स्टब्स 24 गेंदों में 21 रन बनाकर नाबाद रहे, तो लिंडे ने 21 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर लौटे।