Team India: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7 बजे से सुपर-8 का मुकाबला खेला जाने वाला है। ग्रुप स्टेज में दोनों टीमें अजेय रही हैं। किसी न किसी टीम को पहली हार का सामना रविवार की शाम को करना होगा। श्रीलंका में खेले जा रहे मैचों की तरह भारत-दक्षिण अफ्रीका मैच पर बारिश का खतरा नहीं है और एक रोमांचक मैच होने की उम्मीद है।
मैच में टॉस की भूमिका अहम होने वाली है। अहमदाबाद में पहले बल्लेबाजी करते हुए टीमों ने सात बार जीत हासिल की है, जिनमें छह जीत भारत की हैं। सूर्यकुमार यादव ने अक्सर ग्रुप स्टेज के दौरान टारगेट सेट करना पसंद किया है। बड़े मैचों में स्कोरबोर्ड का दबाव कई बार दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने वाली टीम के लिए नुकसानदायक होता है।
भारतीय टीम ने ग्रुप स्टेज में अपने सभी 4 मैच जीते थे, लेकिन स्पिन गेंदबाजी के सामने टीम इंडिया कमजोर नजर आई है। खासकर, ऑफ स्पिन के सामने भारतीय बल्लेबाजों को मुश्किल का सामना करना पड़ा है। टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में 6 बल्लेबाज लेफ्टी हैं। इसका फायदा विपक्षी टीमों ने उठाया है और ऑफ स्पिन गेंदबाजी से परेशान किया है।