बांग्लादेश ने रविवार को शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए तीसरे वनडे मैच को 11 रन से जीता। बांग्लादेश की जीत के हीरो तंजीद हसन तमीन और तस्कीन अहमद रहे। इसी के साथ मेजबान टीम ने 3 मुकाबलों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली है। बांग्लादेश ने सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था। इसके बाद पाकिस्तान ने अगले मुकाबले में डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 128 रन से जीत हासिल की। ऐसे में सीरीज का तीसरा और अंतिम मैच निर्णायक बन गया था।
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी बांग्लादेशी टीम ने 5 विकेट खोकर 290 रन बनाए। सैफ हसन और तंजीद हसन की सलामी जोड़ी ने 18.1 ओवरों में 105 रन की साझेदारी की। सैफ 55 गेंदों में 3 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए।
यहां से तंजीद ने नजमुल हुसैन शांतो के साथ दूसरे विकेट के लिए 67 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 158 के स्कोर तक पहुंचाया। नजमुल टीम के खाते में 27 रन का योगदान देकर पवेलियन लौट गए।