Team India: भारतीय क्रिकेट टीम रोहित शर्मा की कप्तानी में टी20 विश्व कप 2024 को जीतकर घर वापस आ चुकी है। दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद विजेता टीम मुंबई जाएगी और विजय परेड में हिस्सा लेगी। इससे पहले महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में भी भारतीय टीम ने 2007 में पहली बार टी20 विश्व कप जीता था।
2007 में भी भारतीय क्रिकेट टीम ने 'ओपन बस परेड' के जरिए अपनी जीत का जश्न मनाया था। तब, धोनी एंड कंपनी भी परेड के बाद वानखेड़े स्टेडियम में फैंस के सामने उपस्थित हुई थी। इस बार भी रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया वानखेड़े स्टेडियम में जाएगी। खास बात ये है कि बीसीसीआई ने फैंस के लिए स्टेडियम में प्रवेश को लेकर कोई शुल्क नहीं रखा है। 'पहले आओ, पहले पाओ' की तर्ज पर फैंस अपनी उपस्थिति सुनिश्चित कर सकते हैं।
इस बार देखने वाली बात होगी कि रोहित शर्मा भीड़ को संबोधित करते हुए क्या कहेंगे। 2007 में धोनी ने विश्व चैम्पियन बनने के बाद कहा था, "लोग कहते हैं मुंबई एक ऐसा शहर है, जो चलते ही रहता है, लेकिन आज हम मुंबई को एक ठहराव पर लेकर आए हैं।"