T20 World Cup: टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को वानखेड़े के मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को 7 रनों से हराया। भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना सकी।
254 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। फिल साल्ट महज 5 रन बनाकर हार्दिक पांड्या का शिकार बने। कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 7 रन बनाकर आउट हुए। जोस बटलर एक बार फिर अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और 17 गेंदों में 25 रन बनाने के बाद वरुण चक्रवर्ती की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए। टॉम बैंटन महज 5 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हुए। 95 के स्कोर पर इंग्लैंड के चार विकेट गिर चुके थे।
हालांकि, इसके बाद विल जैक्स और जैकब बेथेल ने मोर्चा संभाला। दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 39 गेंदों में 77 रन जोड़े। जैक्स 20 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 35 रन बनाकर आउट हुए। सैम करन और बेथेल ने छठे विकेट के लिए 27 गेंदों में 50 रनों की साझेदारी निभाई। करन ने 14 गेंदों में 18 रन बनाए। जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों में शतक पूरा किया। बेथेल ने 48 गेंदों में 105 रनों की लाजवाब पारी खेली, लेकिन वह इंग्लैंड को जीत नहीं दिला सके। अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के लगाए। भारत की ओर से गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 38 रन देकर 2 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप और बुमराह ने एक-एक विकेट चटकाया।