भारतीय बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के भाई तेजस्वी को अपने भाई की उपलब्धियों पर काफी गर्व है। यशस्वी ने मेहनत के दम पर भारतीय क्रिकेट में बड़ा नाम बनाया है और आज वह टीम इंडिया के अहम खिलाड़ियों में गिने जाते हैं।
यशस्वी टेस्ट टीम के नियमित सदस्य हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए कई रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं। वह वनडे टीम में भी ओपनिंग के विकल्प के रूप में देखे जाते हैं और वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की रेस में शामिल हैं। इसके अलावा, उन्होंने आईपीएल और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है।
29 वर्षीय तेजस्वी को अपने भाई की कामयाबी पर बहुत गर्व है। तेजस्वी ने 'आईएएनएस' से कहा, "मुझे बहुत गर्व है कि मेरा भाई भारत के लिए खेल रहा है। यह हर किसी का सपना होता है। मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।" दोनों भाइयों के बीच 6 दिसंबर, 2025 का एक खास संयोग है। इसी दिन यशस्वी ने विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना पहला वनडे शतक लगाया था और तेजस्वी ने त्रिपुरा के लिए अपनी पहली टी20 फिफ्टी (अर्धशतक) बनाई थी। उन्होंने कहा, "मेरे माता-पिता बहुत खुश थे कि उस दिन उनके दोनों बेटों ने अच्छा खेला। यह हमारे लिए बहुत अच्छा एहसास था।"