भारतीय खेल इतिहास में '19 नवंबर' का दिन बेहद खास रहा है। साल 1995 में इसी दिन महिला वेटलिफ्टर कर्णम मल्लेश्वरी ने चीन के ग्वांगझू में हुई विश्व भारोत्तोलन चैंपियनशिप में 113 किलोग्राम वजन उठाकर 'क्लीन एंड जर्क' में नया विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
'आयरन लेडी' कर्णम मल्लेश्वरी ने महज 20 साल की उम्र में 54 किलोग्राम भार वर्ग में कुल 202.5 किलोग्राम भार उठाते हुए गोल्ड जीता। अन्य सात भार वर्गों में चीनी वेटलिफ्टर विजेता रहे थे। इससे पहले साल 1994 में इस्तांबुल में भी कर्णम मल्लेश्वरी विश्व चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल अपने नाम कर चुकी थीं।
1 जून 1975 को श्रीकाकुलम (आंध्र प्रदेश) के वोसावनिपेटा गांव में जन्मीं कर्णम मल्लेश्वरी ने बहन के नक्शेकदम पर चलते हुए वेटलिफ्टिंग शुरू की थी। पिता कॉलेज स्तर पर फुटबॉलर रहे थे। ऐसे में बेटियां भी पिता की तरह खेल में अपना करियर बनाना चाहती थीं। महज 13 साल की उम्र में कर्णम मल्लेश्वरी ने वजन उठाना शुरू कर दिया था।