न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में पहुंची है। फाइनल में न्यूजीलैंड का मुकाबला गत चैंपियन और मेजबान भारत के साथ है। मैच रविवार शाम 7 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने फाइनल मैच से पहले टीम को शुभकामना दी है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक्स पर साझा किए एक वीडियो संदेश में क्रिस्टोफर लक्सन ने कहा, "न्यूजीलैंड की टीम टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे बेहतर कुछ भी नहीं हो सकता है। टीम का प्रदर्शन पूरे टूर्नामेंट में शानदार रहा है। पूरा देश इस समय टीम के साथ खड़ा है। आपमें क्षमता है, आगे बढ़िए और चैंपियन बनिए।"
न्यूजीलैंड का प्रदर्शन आईसीसी इवेंट्स में हमेशा अच्छा रहता है। टी20 विश्व कप 2026 में भी न्यूजीलैंड ने अपने खेल से क्रिकेट प्रेमियों को रोमांचित किया है। ग्रुप स्टेज में न्यूजीलैंड ने अफगानिस्तान, यूएई, और कनाडा पर जीत और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हार के साथ सुपर-8 में जगह बनाई थी। सुपर-8 में न्यूजीलैंड ने श्रीलंका को हराकर और पाकिस्तान के साथ बारिश के कारण रद्द मैच से 1 अंक लेकर बेहतर रन रेट के आधार पर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।