Harmanpreet Kaur: भारतीय महिला क्रिकेट स्टार हरमनप्रीत कौर शुक्रवार को सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली जैसे दिग्गज क्रिकेटर्स की श्रेणी में शामिल हो गईं। जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) में आयोजित एक समारोह में उनके वैक्स स्टैच्यू का अनावरण किया गया।
आयोजकों ने बताया कि 'हिस्टोरिका म्यूजियम' द्वारा बनाई गई यह मूर्ति किसी महिला क्रिकेटर की दुनिया की पहली मोम की मूर्ति है। इसे नाहरगढ़ किले में स्थित 'हिस्टोरिका: स्टेप इनटू हिस्ट्री' म्यूजियम में हमेशा के लिए प्रदर्शित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में अपने करियर के अहम पड़ावों को याद करते हुए, हरमनप्रीत ने कहा कि उनकी 171 रनों की ऐतिहासिक पारी ने भारत में महिला क्रिकेट के प्रति लोगों की सोच बदलने में बहुत बड़ी भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इस खेल में एक बड़ा बदलाव आया है; अब स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरे रहते हैं और बड़ी संख्या में महिलाएं राष्ट्रीय टीम का हौसला बढ़ाने के लिए पहुंचती हैं।