भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर टी-20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। टीम इंडिया के विश्व विजेता बनने पर राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत केंद्रीय मंत्रियों ने बधाई दी है। पूरे देश में जश्न का माहौल है। देशभर से लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। टीम इंडिया की जीत पर लोगों में उल्लास का माहौल है और देशभर में जश्न मनाया जा रहा है।
दिल्ली के एक युवक ने कहा कि जसप्रीत बुमराह का प्रदर्शन शानदार था। उन्होंने चार ओवर में 15 रन देकर चार विकेट लिया। बुमराह से ऐसी गेंदबाजी की ही उम्मीद थी। संजू सैमसन के प्रदर्शन को लेकर कहा कि संजू ने लगातार तीन मैचों में अच्छी बल्लेबाजी की। संजू टीम में थे भी नहीं लेकिन टीम में आने के बाद लगातार तीन मैचों में प्रदर्शन करना बहुत बड़ी बात है। हर मैच में संजू ने लगभग 90 रन बनाए। दिल्ली के लोगों ने अक्षर पटेल के प्रदर्शन की भी जमकर तारीफ की। अक्षर पटेल की वजह से मैच में आगे बढ़े लेकिन ईशान किशन का कैच शानदार था। भारतीय टीम ने अच्छी फिल्डिंग की।
जम्मू-कश्मीर के पूंछ जिले में लोगों ने ढोल बजाकर जश्न मनाया। पूंछ के एक युवक ने कहा कि भारत के लिए यह बहुत गर्व और खुशी की बात है। भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर 2026 का वर्ल्ड कप अपने नाम किया। पूंछ में रात 9 बजे के आसपास दुकानें बंद हो जाती हैं लेकिन मैच की वजह से लोगों ने दुकाने खोलीं और मैच का लुत्फ उठाया। पूरे राज्य में भारत की जीत का जश्न मनाया जा रहा है।