मेजबान इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ एजबेस्टन में जारी टेस्ट सीरीज के तीसरे मैच में पहले दिन अपनी पकड़ बना ली है। मेहमान टीम को 133 रन पर समेटने के बाद इंग्लैंड ने दिन की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 156 रन बना लिए हैं। इसी के साथ जो रूट की टीम के पास 23 रन की बढ़त है।
पाकिस्तानी टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज का पहला मैच पारी और 103 रनों के अंतर से गंवाया था, जिसके बाद दूसरे टेस्ट में 194 रन से हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के दौरे पर शर्मनाक प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने सीरीज के बीच में ही 7 खिलाड़ियों को स्क्वॉड से रिलीज कर दिया। इसके साथ टेस्ट हेड कोच सरफराज अहमद और गेंदबाजी कोच उमर गुल को उनके पदों से बर्खास्त किया, लेकिन इस बदलाव का फायदा टीम को नहीं मिल सका।
बर्मिंघम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी पाकिस्तानी टीम के 8 बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सके। मेहमान टीम को 8 रन पर सैम अयूब (0) के रूप में शुरुआती झटका लगा, जिसके बाद 26 के स्कोर तक 4 विकेट गिर गए।