पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बताया कि सैम अयूब को इंग्लैंड और श्रीलंका के खिलाफ जारी वनडे ट्राई-सीरीज के बाकी मैचों के लिए पाकिस्तान टीम से रिलीज कर दिया गया है। सैम ने खुद यह अनुरोध किया था ताकि वे अपनी बल्लेबाजी फॉर्म पर ध्यान दे सकें।
हाल के दिनों में सैम रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। ट्राई-सीरीज के तीन वनडे मैचों में वह तीनों बार दहाई के अंक तक भी नहीं पहुंच पाए, जिससे उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। पीसीबी ने एक बयान में कहा, "हेड कोच से बातचीत के बाद सैम ने घरेलू क्रिकेट में लौटने की इच्छा जताई है, ताकि वह अपनी बल्लेबाजी फॉर्म पर काम कर सकें और अपना आत्मविश्वास वापस पा सकें।"
बयान में आगे कहा गया, "सैम के फैसले का सम्मान करते हुए और अपनी मौजूदा फॉर्म के बारे में उनके ईमानदार आकलन की सराहना करते हुए टीम प्रबंधन और राष्ट्रीय चयन समिति ने उनके इस अनुरोध को स्वीकार करने का फैसला किया है।"