दुबई के आईसीसी एकेडमी में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी की विराट शतकीय पारी के बदौलत भारतीय टीम ने यूएई को 234 रन के बड़े अंतर से हरा दिया।
यूएई ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारतीय टीम ने वैभव सूर्यवंशी के 95 गेंद पर 14 छक्कों और 9 चौकों की मदद से खेली गई 171 रन की पारी की बदौलत 433 रन बनाए। भारतीय अंडर 19 टीम का वनडे फॉर्मेट में यह सबसे बड़ा स्कोर है। भारत ने अपने सबसे बड़े स्कोर में 20 छक्के और 31 चौके लगाए। भारत ने यूथ वनडे के इतिहास में तीसरी बार 400 रन का आंकड़ा पार किया। कोई भी टीम अब तक ऐसा नहीं कर पाई है। पूर्व में भारतीय टीम ने 2004 में स्कॉटलैंड के खिलाफ 425/3 और 2022 में युगांडा के खिलाफ 405/5 का स्कोर बनाया था।
कप्तान आयुष म्हात्रे नहीं चले। वे 4 रन बनाकर आउट हो गए। आरोन जॉर्ज ने 73 गेंद पर 69 और विहान मल्होत्रा ने 55 गेंद पर 69 रन की पारी खेली। इसके अलावा वेदांत त्रिवेदी ने 38, अभिज्ञान कुंडू ने 32 और कनिष्क चौहान ने 28 रन की पारी खेली।