पाकिस्तान ने मंगलवार को अंडर-19 एशिया कप 2026 के 12वें मुकाबले में नेपाल के खिलाफ 101 रन से जीत दर्ज की। इसी के साथ पाकिस्तान ने 'ग्रुप-ए' की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष पर रहते हुए सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जबकि नेपाल पहले ही खिताबी रेस से बाहर था।
वहीं, 'ग्रुप-बी' से अफगानिस्तान ने तीनों मुकाबले जीतकर शीर्ष पर रहते हुए अगले दौर के लिए क्वालीफाई किया, जबकि बांग्लादेश ने 3 में से 2 मैच जीतकर दूसरा स्थान अपने नाम किया। अब पाकिस्तानी टीम 12 नवंबर को सेमीफाइनल-1 में बांग्लादेश का सामना करेगी। मंगलवार को एक अन्य मैच में भारत और यूएई के बीच भिड़ंत जारी है, जिसे जीतने वाली टीम 12 नवंबर को सेमीफाइनल-2 में अफगानिस्तान को चुनौती देगी।
अल अमीरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 1) में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम ने 50 ओवरों में 7 विकेट खोकर 275 रन बनाए। उस्मान खान ने जहांगीर बिलाल के साथ पहले विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। उस्मान 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जहांगीर ने टीम के खाते में 22 रन का योगदान दिया। कुछ देर बाद 64 के स्कोर तक टीम को अब्दुल कादिर (6) के रूप में तीसरा झटका भी लग गया।