अफगानिस्तान ने फैसल शिनोजादा और उजैरउल्लाह नियाजी की शतकीय पारियों के दम पर भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में पहुंचने के लिए 311 रन का विशाल टारगेट दिया है।
बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में जारी सेमीफाइनल-2 में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए अफगानिस्तान ने निर्धारित 50 ओवरों में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए। इस टीम को उस्मान सादात और खालिद अहमदजई की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने 12.2 ओवरों में 53 रन जुटाए।
अहमदजई 39 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 31 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद फैसल शिनोजादा ने सादात के साथ दूसरे विकेट के लिए 64 रन जुटाते हुए टीम को शतक के पार पहुंचा दिया। सादात ने 70 गेंदों में 3 चौकों के साथ 39 रन की पारी खेली। यहां से शिनोजादा ने उजैरउल्लाह नियाजी के साथ तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों में 148 रन जोड़ते हुए टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया।