वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी के दम पर भारत ने इंग्लैंड को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के लिए 412 रन का विशाल लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया अपना छठा विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से उतरी है, जबकि इंग्लैंड का मकसद दूसरी बार ट्रॉफी जीतना है।
शुक्रवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम इंडिया ने 20 के स्कोर पर आरोन जॉर्ज (9) का विकेट गंवा दिया। यहां से वैभव सूर्यवंशी ने कप्तान म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों में 142 रन जुटाते हुए टीम को 162 के स्कोर तक पहुंचा दिया।
म्हात्रे 51 गेंदों में 2 छक्कों और 7 चौकों के साथ 53 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद सूर्यवंशी ने वेदांत त्रिवेदी के साथ महज 39 गेंदों में 89 रन की साझेदारी करते हुए भारत के स्कोर को तेजी से आगे बढ़ाया।