उत्तर प्रदेश की बेटी और भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए उन्होंने 215 रन बनाए और 22 विकेट लिए। दीप्ति के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ने गर्व और खुशी व्यक्त की।
यूपी डीजीपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, "विश्व पटल पर उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट में दीप्ति शर्मा ने टूर्नामेंट में 215 रन और 22 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनीं। पूरे देश, प्रदेश एवं उत्तर प्रदेश पुलिस को अंतरराष्ट्रीय पटल पर गौरवान्वित किया।"
डीजीपी ने पोस्ट में आगे लिखा, "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कुशल खिलाड़ी योजना के अंतर्गत स्पोर्ट्स कोटा में पुलिस उपाधीक्षक पद पर नियुक्त दीप्ति शर्मा को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई।"