विजय हजारे ट्रॉफी: विदर्भ पहली बार चैंपियन बनी, फाइनल में सौराष्ट्र को 38 रन से हराया (Image Source: IANS)
विदर्भ विजय हजारे ट्रॉफी की नई चैंपियन बन गई है। विदर्भ ने पहली बार ये टूर्नामेंट जीता है। रविवार को बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सिलेंस में खेले गए फाइनल मुकाबले में विदर्भ ने सौराष्ट्र को 38 रन से हराया। जीत के लिए सौराष्ट्र को 318 रन की जरूरत थी, लेकिन टीम 48.5 ओवर में 279 पर सिमट गई।
सौराष्ट्र ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। विदर्भ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अथर्व तायडे के शतक और यश राठौड़ के अर्धशतक की मदद से 8 विकेट के नुकसान पर 317 रन बनाए थे।
पारी की शुरुआत करने आए अथर्व तायडे ने 118 गेंद पर 3 छक्के और 15 चौकों की मदद से 128 रन की पारी खेली थी। यश राठौड़ ने 61 गेंद पर 2 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 54 रन बनाए थे। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 133 रन की साझेदारी हुई। अमन मोखाड़े ने 33 और रविकुमार समर्थ ने 25 रन बनाए।