ODI Match: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला वडोदरा में रविवार को खेला जाएगा। पिछली सीरीज में दक्षिण अफ्रीका को धूल चटाने वाली भारतीय टीम पहला मैच जीत सीरीज में बढ़त बनाने के इरादे से उतरेगी।
कप्तान शुभमन गिल इंजरी से रिकवरी के बाद फिर से मैदान पर वापसी कर रहे हैं। कप्तानी के साथ उनकी बल्लेबाजी पर भी नजर रहेगी, लेकिन भारतीय क्रिकेट फैंस को एक बार फिर रोहित शर्मा और विराट कोहली की धमाकेदार पारियों का इंतजार है। आइए देखते हैं कि रोहित शर्मा और विराट कोहली का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे में कैसा प्रदर्शन रहा है।
रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 2009 से 2025 के बीच 31 वनडे की 29 पारियों में 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाते हुए 1,073 रन बनाए हैं। उनका सर्वाधिक स्कोर 147 है। रोहित ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ आखिरी वनडे खेला था। इस मैच में उन्होंने 76 रन की पारी खेल भारत को चैंपियन बनाया था।