T20 World Cup: भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम जैसे ही टी20 विश्व कप 2026 की तैयारियों में जुटी है, वैसे ही महिला क्रिकेट टीम की ओर से उन्हें लगातार समर्थन और शुभकामनाएं मिल रही हैं। भारतीय महिला टीम की खिलाड़ियों ने 2025 में आईसीसी महिला एकदिवसीय विश्व कप जीतकर इतिहास रचा था। महिला टीम अब मेगा इवेंट के लिए पुरुष टीम को दिल से शुभकामनाएं भेज रही हैं। उन्होंने आने वाले टूर्नामेंट में खिताब बचाने के लिए टीम इंडिया को सफलता की कामना की है।
भारतीय पुरुष टीम मौजूदा चैंपियन के रूप में इस टूर्नामेंट में उतर रही है। टीम ने 2024 का टी20 विश्व कप फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को हराकर जीता था। ऐसे में महिला खिलाड़ियों का यह हौसला बढ़ाने वाला संदेश भारतीय क्रिकेट में एकता और आपसी सहयोग को दिखाता है।
भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे पहले अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने टीम की काबिलियत पर भरोसा जताते हुए कहा, "टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप के लिए शुभकामनाएं। पूरे दिल से खेलो, मजे करो और हम सब जानते हैं कि आप यह जीतने वाले हो। शुभकामनाएं।"