World Cup Semi: ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को पहले वनडे मुकाबले में 6 विकेट से हराया। मंगलवार को एलन बॉर्डर फील्ड पर खेले गए मुकाबले में भारत से मिले 215 रनों के लक्ष्य को ऑस्ट्रेलिया ने सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। जीत के बाद कप्तान एलिसा हीली टीम के प्रदर्शन से काफी खुश नजर आईं।
ऑस्ट्रेलिया की कप्तान ने कहा कि टी20 सीरीज गंवाने के बाद टीम पर वापसी करने का दबाव था। उन्होंने कहा, "मैं टीम के प्रदर्शन से काफी खुश हूं। टी20 सीरीज के बाद हम पर थोड़ा दबाव था कि हम वापसी कैसे करेंगे। आज जिस तरह से हम खेले, वह शानदार था। जबरदस्त वापसी करने के लिए टीम पर गर्व है। हमें होबार्ट में फिर से यही करना होगा।"
हीली ने कहा कि ऑस्ट्रेलियाई टीम को यह फॉर्मेट काफी रास आता है। उन्होंने कहा, "मैंने जैसा टॉस के समय कहा था कि हमें यह फॉर्मेट बहुत पसंद है और हम इसमें अच्छा प्रदर्शन करते हैं। हमें लंबे समय तक दबाव बनाए रखना पसंद है। उम्मीद है कि हम होबार्ट जाकर वहां की परिस्थितियों के अनुकूल जल्द ही ढल जाएंगे।"